जौनपुर। समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने जौनपुर पहुंचकर नगर के एक होटल में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा किया और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के साथ-साथ स्थानीय सांसद पर भी जमकर निशाना साधा।
अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार द्वारा सवर्ण समाज के साथ केवल दिखावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उदाहरण दारोगा भर्ती में पूछे गए विवादित प्रश्न और यूजीसी के नए नियमों से साफ दिखाई देता है।
उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में उनकी पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में होगी। साथ ही गठबंधन के संकेत देते हुए कहा कि अन्य दलों से बातचीत संभव है, हालांकि उन्होंने किसी विशेष पार्टी का नाम उजागर नहीं किया।
जौनपुर के वर्तमान सांसद बाबू सिंह कुशवाहा पर तीखा हमला बोलते हुए अशोक सिंह ने कहा कि वे “सबसे निकम्मे सांसद” हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद क्षेत्र में बहुत कम दिखाई देते हैं और जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में बसपा में रहते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगे और अब सपा के साथ मिलकर जनता के भरोसे को ठेस पहुंचाई जा रही है।
महाराष्ट्र की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए राज ठाकरे के मराठी भाषा को लेकर दिए गए बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। अशोक सिंह ने कहा कि भारत में किसी भी नागरिक को किसी विशेष भाषा बोलने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।

