चाइनीज मांझे से मौत के बाद जिलाधिकारी ने दिया सख्त आदेश

Journalist Rajan

जौनपुर। गुरुवार सुबह शहर कोतवाली के शास्त्री ब्रिज पर चाइनीज मांझे की वजह से  उमरपुर हरिबंधनपुर निवासी संदीप तिवारी (40 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। संदीप अपनी बेटी को सेंट पैट्रिक स्कूल छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुल पर अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आने से उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई।



इस हृदयविदारक घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र ने आदेश जारी किया है। आदेश में लिखा गया है कि चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध को लेकर पूर्व में भी एनजीटी के आदेशों के अनुसार अधिकारीगण को अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटना होना अत्यंत चिंताजनक है।

जिलाधिकारी ने जनपद में चाइनीज/नायलॉन मांझे की खरीद, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही सभी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करें।



डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में चाइनीज मांझा बिकता पाया गया और उससे कोई अनहोनी हुई, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और उसकी पूरी जिम्मेदारी उसी की होगी।

शहर में हुई इस घटना के बाद आम लोगों में आक्रोश है और लोग चाइनीज मांझे की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से सख्त रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !